उत्तराखंड में बीते दिनों से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. वहीं आज फिर मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का अंदेशा जताया गया है. जिससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ सकती हैं. जबकि बारिश और बर्फबारी से चमोली माणा एवलांच में फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू अभियान में खलल पड़ सकता है.
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में हल्की बारिश के आसार दिखाई दे रहे हैं. इसमें देहरादून,रुद्रप्रयाग, टिहरी,पौड़ी, चमोली,पिथौरागढ़,बागेश्वर,अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में भी हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी की संभावनाएं जताई गई हैं. इसमें चमोली जिले में भी ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी की उम्मीद है.राजधानी देहरादून में आज आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे. अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 23°C व 11°C के लगभग रहने की संभावना है.
