Friday, March 14, 2025
Homeउत्तराखंडभाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- हरीश रावत भूल जाएं... कांग्रेस को 2029 तक...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- हरीश रावत भूल जाएं… कांग्रेस को 2029 तक नहीं मिलेगी एक भी सीट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक भी सीट जीतने का सपना न देखें। वह भूल जाएं कि कांग्रेस को 2029 तक भी कोई भी सीट नसीब होगी। प्रदर्शन और विपक्ष के आरोपों से जुड़े सवालों के जवाब दिए।

सवाल : चुनाव प्रचार अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। सभी सीटों पर भाजपा को कांग्रेस से चुनौती मिल रही है। राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा का कैसा प्रदर्शन होने जा रहा है?

जवाब : हम हर मोर्चे पर कांग्रेस से आगे हैं। कांग्रेस नेता तो चुनाव लड़ने से बचते रहे। भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार थी। प्रत्याशी उतारने से लेकर प्रचार तक कांग्रेस हमारे आसपास भी नहीं है। हमने पांचों सीटों पर 75 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करने की रणनीति बनाई है। भाजपा पांचों सीटों पर रिकॉर्ड जीत हासिल करेगी और और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में उत्तराखंड से पांच कमल डालेगी।

सवाल : लेकिन कांग्रेस का कहना है कि अग्निवीर योजना, भर्ती घोटाला को लेकर पहाड़ के युवाओं में भारी नाराजगी है, इसलिए वे भाजपा के खिलाफ मतदान करेंगे ?

जवाब : मुझे कांग्रेस की बुद्धि पर तरस आता है। अग्निवीर योजना के प्रति युवाओं में उत्साह है। बड़ी संख्या में युवा भर्ती हुए। ऐसे एक भी युवा ने योजना को लेकर कोई शिकायत नहीं की। कांग्रेस को न जाने किस बात की जलन है। रक्षामंत्री भी इस संबंध में बयान दे चुके हैं।

सवाल : चुनाव में भाजपा पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्र और राज्य सरकार उपलब्धियों के आधार पर यह मान रही है कि उसकी पांचों सीटों पर जीत पक्की है। ऐसी स्थिति में आपको कांग्रेस में सेंध लगाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

जवाब : यह प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और विजन का ही परिणाम है कि हमारा देश व राज्य तेजी से तरक्की की ओर बढ़ रहा है। विपक्ष भी बदलते और विकसित होते भारत और उत्तराखंड को देखकर प्रभावित है और भाजपा में शामिल हो रहा है। यह एक स्वाभाविक घटना है। हमें कहीं से किसी को लाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

सवाल : कांग्रेस का आरोप है कि ईडी, आयकर और केंद्रीय एजेंसियों को डर दिखाकर उसके नेताओं को पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जिन्हें भाजपा दागी बता रही थी, आज वह पार्टी में शामिल होकर बेदाग हो गए?

जवाब : कांग्रेस के पास अब आरोप लगाने के सिवाय कुछ नहीं बचा। दबाव बनाकर पार्टी छोड़ने को मजबूर करने का आरोप सरासर झूठा है। कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

सवाल : हरीश रावत का कहना है कि प्रदेश में 2009 के लोकसभा चुनाव जैसे हालात बन रहे हैं। कांग्रेस कई सीटों पर जीतती हुई दिख रही है? आपका क्या मानना है।

जवाब : मेरी हरीश रावत जी को सलाह है कि वह सपने देखना छोड़ दें। वह अभी 2009 में ही जी रहे हैं। गाड़ी काफी आगे निकल चुकी है। वह भूल जाएं कि कांग्रेस को जीत नसीब होगी। अब वह इस बात की चिंता करें कि कांग्रेस को 2029 तक एक भी सीट नहीं मिलने वाली है। भाजपा पांचों लोकसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments