रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में वर्ष 2023 में हुई डकैती में फरार दो लाख रुपये के इनामी को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम उत्तराखंड और इतना ही इनाम बिहार पुलिस ने घोषित किया था।वर्ष 2023 में नौ नवंबर को सचिवालय के नजदीक राजपुर रोड पर रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में हथियारबंद बदमाशों ने डाका डाला था। बदमाश शोरूम में तैनात स्टाफ को बंधक बनाकर 14 करोड़ रुपये से अधिक के हीरे और सोने के गहने लूट ले गए थे। घटना में पुलिस ने बिहार के वैशाली से जुड़े गैंग को चिन्हित किया। अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दो लाख रुपये का इनामी राहुल उर्फ चौंधा निवासी बिहार फरार था। उसकी गिरफ्तारी को लगातार दून पुलिस प्रयास कर रही थी। जिसे अब कुरूक्षेत्र हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी राहुल उर्फ चौंधा पुत्र दीपक महतो मूलरूप से शकरपुर, जिला बेगुसराय बिहार का निवासी है। हाल में वह विश्वास कॉलोनी, अमीन रोड, कुरूक्षेत्र हरियाणा में रह रहा था।
छह वारंट के बाद भी सरगना को नहीं ला सके दून: डकैती का सरगना बिहार का निवासी सुबोध सिंह है। डकैती कराने के दौरान वह बिहार जेल में बंद था। घटना का खुलासा होने के बाद से लगातार पुलिस सुबोध को देहरादून लाने के प्रयास कर रही है। पिछले करीब दस महीने में उसका छह बार बी वारंट कोर्ट से लेकर बिहार जेल में दाखिल कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सुबोध देहरादून नहीं पहुंच पाया है।
रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में डकैती की घटना को लंबा समय बीत गया है। उत्तराखंड में डकैती की सबसे बड़ी इस घटना को पुलिस इतिहास में इसलिए भी याद किया जाएगा कि पुलिस 12 बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन रिकवरी शून्य है। बदमाशों ने लूटे गए गहने कहां ठिकाने लगाए, इसका पुलिस पता नहीं लगा सकी है।