चमोली के गैरसैंण इलाके में एक कार दाड़मडाली-पंचाली मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिससे कार में सवार 6 लोगों में से 4 लोगों को चोटें आई हैं. जिनमें से गंभीर रूप से घायल दंपति को हायर सेंटर रेफर किया गया है. इसके अलावा एक ट्रक कालीमाटी गांव में आवासीय मकान से टकरा गया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग ऐखोला गांव में एक पूजा में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान गैरसैंण नगर से 9 किलोमीटर दूर नौगांव के पास पचांली मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर नीचे दूसरी सड़क पर आ गिरा.
हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी गांवों के ग्रामीणों ने 108 एंबुलसेंस सेवा समेत गैरसैंण कोतवाली में जानकारी दी. जिसके बाद मौके पर पंहुचे दो एंबुलेंस वाहनों के माध्यम से घायलों को अस्पताल पंहुचाया गया. जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद डॉक्टरों ने सिर और पेट की चोटों से गंभीर रूप से घायल दंपति को रेफर कर दिया.
घायल दंपति भरत राम पुत्र भवानु राम (उम्र 42 वर्ष) और चांदनी (उम्र 40 वर्ष) को हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया है. जबकि, अन्य दो घायलों में शामिल पुष्पा देवी पत्नी संतोष कुमार (उम्र 38 वर्ष) निवासी फरकंडे और राधा देवी पत्नी भरत राम (उम्र 30 वर्ष) निवासी पंचाली का गैरसैंण अस्पताल में उपचार चल रहा है.
वहीं, दूसरी ओर गैरसैंण नगर से 6 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर कालीमाटी गांव में बीती देर रात करीब 11:30 बजे तेज गति से रामनगर की तरफ जा रहा ट्रक आवासीय मकान से टकरा गया. गनीमत रही की हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के मुताबिक, आयशर ट्रक संख्या UK 19 CA 1209) को दानिश पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी खताडी (रामनगर) चला रहा था. जो कर्णप्रयाग से वापस रामनगर की ओर जा रहा था. तभी अनियंत्रित होकर कालीमाटी निवासी भरत सिंह के मकान की छत से टकरा गया.
जिस कारण घर की छत और दीवार क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पानी की टंकी टूट गई. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हादसे को लेकर गैरसैंण पुलिस की ओर से जांच करने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
