केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब घोड़ा पड़ाव के नीचे नदी में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही प्रशासनिक तंत्र हरकत में आ गया और तत्काल एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को थाना गौरीकुंड के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि गौरीकुंड क्षेत्र में तेज बहाव वाली नदी के बीच एक शव फंसा हुआ नजर आ रहा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची.
उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच हाई-रिस्क रेस्क्यू अभियान शुरू किया. तेज बहाव, फिसलन भरे पत्थरों और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए अथक प्रयास किए.
कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नदी के बीच फंसे अज्ञात शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. फिलहाल, शव की पहचान नहीं हो पाई है. शव की शिनाख्त कराने के साथ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
