उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में बिटकॉइन निवेश के नाम पर ठगी करने के मामले पर ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय का एक्शन जारी है. इसी कड़ी में बिटकॉइन घपले में ईडी की तीन शहरों में रेड चल रही है. जिसके तहत देहरादून, दिल्ली और रुड़की में हेमंत मोहन शर्मा के ठिकानों पर रेड की गई है.
बताया जा रहा है कि हेमंत शर्मा पर लोगों को बिटकॉइन में निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपए ठगने का आरोप है. पीड़ितों की शिकायत के बाद दिनेशपुर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है.
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहले ही हेमंत शर्मा की संपत्तियों को अटैच कर चुकी है. इससे संकेत मिलता है कि आरोपी पहले से ही आर्थिक अपराधों के मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है. अधिकारियों की मानें तो मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है. साथ ही अन्य संभावित निवेशकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
वहीं, आज यानी 23 अप्रैल को ईडी की टीम ने देहरादून के मोहिनी रोड स्थित हेमंत शर्मा के आवास पर छापेमारी की है. यहां हेमंत शर्मा का मकान बताया जा रहा है. हेमंत शर्मा के खिलाफ दिनेशपुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है. ईडी ने पहले में 4 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर चुका है.
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, हेमंत मोहन शर्मा के देहरादून के मोहिनी रोड स्थित आवास पर छापेमारी की गई, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले गए हैं ओर आगे की कार्रवाई जारी है.
