ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बर्तन की दुकान में गैस का छोटा सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा सामान जलकर खाक हो गया था.
जानकारी के अनुसार सुबह अचानक तेज धमाके के साथ दुकान से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा. धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की नींद टूट गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दुकानदार को सूचित किया और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा बर्तनों का पूरा स्टॉक जलकर खाक हो चुका था.
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया. फायर अफसर सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि घटना क्यों और कैसे घटी है इसकी जांच की जा रही है. पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है. किसी प्रकार की लापरवाही मिलती है तो कार्रवाई होगी. वहीं अधिकारियों का कहना है की जांच के बाद ही इस बारे में कुछ बताया जा सकता है.