GST सहायक आयुक्त 75 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, होटल व्यवसायी के सामने रखी थी यह डिमांड – ETV Uttarakhand
उत्तराखंड

GST सहायक आयुक्त 75 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, होटल व्यवसायी के सामने रखी थी यह डिमांड

विजिलेंस ने मंगलवार को जीएसटी के सहायक आयुक्त शशिकांत दुबे को 75 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। देहरादून के लक्ष्मी रोड स्थित राज्यकर कार्यालय से यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी ने खुद फोन करके रेस्टोरेंट कारोबारी को अपने कार्यालय में बुला लिया था।अब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी-विजिलेंस मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया था कि सहायक आयुक्त शशिकांत दुबे उनके रेस्टोरेंट के बिलों की जीएसटी में गड़बड़ी बताकर परेशान कर रहे हैं।

आरोपी अफसर ने बड़ी पैनाल्टी नहीं लगाने की एवज में एक लाख की रिश्वत मांगी। इसी बीच, शिकायतकर्ता और आरोपी अफसर के बीच 75 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। मंगलवार को पीड़ित पैसे लेकर आरोपी के लक्ष्मी रोड स्थित दफ्तर पहुंचे। उनके पीछे विजिलेंस की टीम भी थी।जैसे ही आरोपी ने नगद पैसे लिए, विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। गुंज्याल के अनुसार, 2021 में सात अफसर-कर्मचारियों को रिश्वत के साथ पकड़ा गया था। 2022 में इनकी संख्या 15 हो गई। 2023 में 20 पकड़े गए। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 21 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

टोल फ्री नंबर पर दी जा सकती है शिकायत

विजिलेंस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी अफसर या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो लोग 1064 पर शिकायत कर सकते हैं। एसएसपी विजिलेंस मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल ने यह भी बताया कि इसके अलावा 9456592300 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

एक-दो दिन में ही पकड़ने का प्लान बनाया गया था
एसएसपी-विजिलेंस मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल ने यह भी बताया कि आरोपी को विजिलेंस एक-दो दिन के भीतर ट्रैप करने वाली थी और इसके लिए रणनीति बनाई जा रही थी। लेकिन, आरोपी ने मंगलवार को शिकायतकर्ता को फोन करके ऑफिस बुला लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आनन फानन में 75 हजार रुपये जुटाए और विजिलेंस को सूचना देकर वे आरोपी से मिलने पहुंच गए।

आरोपी की जेब से 21 हजार की नगदी मिली

गुंज्याल ने बताया कि तलाशी में आरोपी की जेब से 21 हजार की नगदी मिली। यह पैसे कहां से आए या जेब में क्यों रखे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के कैनाल रोड स्थित घर पर भी तलाशी ली गई है। चल-अचल संपत्तियों का विवरण भी जुटाया जा रहा है। अगर आय से अधिक संपत्ति पाई जाती है तो एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

घर से सोने के सिक्के दो किलो चांदी बरामद
रिश्वत लेते गिरफ्तार 2015 बैच के पीसीएस अफसर शशिकांत दुबे के घर से विजिलेंस को करीब सोने के 650 ग्राम के सिक्के और सोने के बार भी मिले। दो किलो चांदी और 65000 रुपये नगद भी बरामद किए गए। गुंज्याल ने बताया कि दुबे के पास अकाउंट और अन्य कागजात जांच में नहीं मिले।

आरोपी की लापता पत्नी का अब तक सुराग नहीं
एसएसपी-विजिलेंस मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि आरोपी अफसर के घर पर उनकी मां और एक बेटा है। आरोपी की पत्नी कुछ साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उस वक्त महिला की गुमशुदगी भी दर्ज करवाई गई थी। लेकिन, आज तक उसका पता नहीं चल सका है।

Leave a Response