उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ है. जहां एक सवारियों से भरा यूटिलिटी वाहन टिहरी के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर दुर्घटनग्रस्त हो गया है. हादसे में अभी तक 8 लोगों की मौत की सूचना है. बताया जा रहा है कि सभी लोग हरिद्वार से अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे.
हादसे में 2 लोगों के घायल होने की भी सूचना है. यह सूचना भी आ रही है कि दुर्घटना में जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए गए लोग हरिद्वार गए थे, मृतकों में उसका बेटा भी शामिल बताया जा रहा है. मौके पर पहुंची SDRF टीम ने घटनास्थल से 2 व्यक्तियों को रेस्क्यू किया है. वाहन में लगभग 10 लोग सवार बताए जा रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची. डीएम ने खुद मोर्चा संभाला. स्थनीय लोगों की मदद से मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया. जिसके बाद दो लोगों को रेस्क्यू किया गया है. टिहरी गढ़वाल के आपदा जिला प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों के मौत की पुष्टि की है. साथ ही 2 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है.
हादसे में मृतक की जानकारी
- आशा लाल पुत्र असाडूं (उम्र 40 वर्ष), निवासी- ठेला, घनसाली, टिहरी
- विजय लाल पुत्र मुरखुलिया (उम्र 36 वर्ष), निवासी- ठेला, घनसाली, टिहरी
- प्रेम लाल पुत्र संपत लाल (उम्र 60 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
- महावीर पुत्र विशुलाल (उम्र 60 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
- शिव सिंह पुत्र पुष्कर सिंह (उम्र 35 वर्ष) निवासी- ग्राम होल्टा, घनसाली, टिहरी
- सेहत लाल पुत्र गोपाल (उम्र 65 वर्ष), निवासी- ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी
- लक्ष्मण पुत्र मुखिलिया (उम्र 33 वर्ष), निवासी- चांजी, टिहरी गढ़वाल
- अज्ञात
