विकासनगर के बादामावाला में पानी की टंकी के पास स्थित मकान के कमरे में शुक्रवार को अंश गुप्ता (20 वर्ष) ने पिता के लाइसेंसी पिस्तौल से अपने सिर में गोली मार ली। योग क्लास से लौटने पर मां ने बेटो को घायल अवस्था में देखा। तुरंत घायल अंश को गम्भीर हालत में उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसे तत्काल धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान अंश की मौत हो गई। बताया जा रहा है वो कुछ दिन पहले ही थाईलैंड से लौटा था। बेटे को मृत देख एडवोकेट पिता को भी अटैक आ गया।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी से बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था छात्र: बताया जा रहा है कि अंश गुप्ता उत्तराचंल टेक्निकल यूनिवर्सिटी का छात्र था। वह बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। ये पांच साल का इंटीग्रेटेड कोर्स होता है। ये बीबीए यानी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और एलएलबी यानी बैचलर ऑफ लेजिस्लेटिव लॉ की डिग्री को जोड़ता है। बीबीए एलएलबी कोर्स से मैनेजमेंट और कानून दोनों में एक्सपर्टीज हासिल होती है। इस कोर्स को करने वाले छात्र कॉर्पोरेट कानून, वित्त और व्यावसायिक प्रबंधन में करियर बनाते हैं।
परीक्षा देकर लौटा था घर: बताया जा रहा है कि अंश एक हफ्ते के लिए थाईलैंड घूमने गया था। हाल ही वहां से वापस लौटा था। इन दिनों उसके एग्जाम चल रहे थे। परिवार के लोगों और करीबियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे वो एग्जाम देकर लौटा था। उस समय अंश के अधिवक्ता पिता घर पर नहीं थे। मां और बहन घर पर थीं। उनसे अंश ने अच्छे से बात की थी। लंच करने के बाद अंश अपने कमरे में चला गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे वो अपनी मम्मी को योग क्लास छोड़ने गया था। इस दौरान बहन भी अपने काम से बहर चली गई। मां जब योग क्लास से लौटीं तो घर का गेट खुला पाया। वो बेटे के कमरे में गईं और दरवाजा खोला तो अंश फर्श पर पड़ा था। उसका सिर खून से सना हुआ था। पास में ही पिता की पिस्टल पड़ी थी।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि गोली लगने से छात्र की मौत हुई है। परिवार के लोग अभी सदमे में हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।