
देहरादून। 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस (एआईपीएससी) का आयोजन इस वर्ष उत्तराखंड पुलिस द्वारा वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून में होगा। आगामी सात एवं आठ अक्टूबर को प्रस्तावित इस कांग्रेस का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि अगले दिन इसका समापन राज्य के राज्यपाल व सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल, गुरमीत सिंह करेंगे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘पुलिसिंग इन अमृत काल’ पर केंद्रित यह आयोजन गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था पुलिस विकास एवं अनुसंधान ब्यूरो (बीपीआरएण्डडी) के तत्वावधान में हो रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 41वें एआईपीएससी का आयोजन 21 से 23 जून, 2011 के मध्य वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में ही कराया गया था।
कुमार ने बताया कि कांग्रेस का उद्घाटन शनिवार यानी सात अक्टूबर को वन अनुसंधान संस्थान के दीक्षांत हॉल में पूर्वाहन में होगा। इस अवसर पर गृह मंत्री, भारत सरकार श्री शाह ने मुख्य अतिथि बनने के लिए सहमति दे दी है और मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी अतिविशिष्ट सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने एवं अपने विचार प्रस्तुत करने हेतु पूरे देशभर से पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, न्यायविद, विज्ञान विशेषज्ञ तथा दूसरे हितधारक उपस्थित होंगे।
डीजीपी ने बताया कि समापन समारोह रविवार यानी आठ अक्टूबर को भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद सभागार में शाम चार बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथि बनने के लिए सहृदय सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि सफल आयोजन के लिए एक आयोजन समिति गठित की गयी है, जो समस्त तैयारियों का पर्यवेक्षण कर रही है। उन्होंने बताया कि बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, प्रशिक्षण इसके आयोजन सचिव हैं।
समिति के अन्य सदस्य पीवीके प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी, अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा, अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन, वी मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस दूरसंचार, ए पी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय, मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात, करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र, एन एस नपलच्याल, पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी, सेंथिल अबुदेई कृष्ण राज एस, पुलिस उप महानिरीक्षक, पी/एम, योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस उप महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र, निवेदिता कुकरेती, पुलिस उप महानिरीक्षक, फायर सर्विस, पी0 रेणुका देवी, पुलिस उप महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, और दलीप सिंह कुंवर, पुलिस उप महानिरीक्षक, अभिसूचना हैं।
कुमार ने बताया कि 49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के दौरान, एक टेकनिकल एग्जीबिशन का भी आयोजन किया जाएगा। एग्जीबिशन में बेहतर पुलिसिंग के लिए विभिन्न नवीनतम उपकरण प्रदर्शित किए जांएगे। एग्जीबिशन को देखने के लिए देहरादून के विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों के छात्रों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।