
नई दिल्ली,एजेंसी। भीषण गर्मी से तप रहे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों को मानसून के आने का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विभाग ने मानसून (Monsoon) के आगमन को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। राजधानी दिल्ली में आज को दिनभर बादल छाए रहने और 30 से 40 कि मी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज झोंकेदार हवा के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना। मौसम विभाग का पूर्वानुमान, बुधवार से 20 जून तक कमाबेश हर रोज वर्षा होगी। सभी दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इस दौरान गर्मी से खासी राहत मिलेगी और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 एवं 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इन राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और विदर्भ, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और केरल में हल्के से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। ओडिशा, झारखंड के कुछ हिस्सों, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, पश्चिमी हिमालय और पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।