
श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर से पौड़ी और सतपुली गुमखाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग 12 मीटर चौड़ा बनने जा रहा है, जिसके लिए केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने 700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक डा. धन सिंह रावत ने कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी शीघ्र शुरू हो जाएगा, जिसके लिए टेंडर भी हो गए हैं।
अदिति केंद्र सभागार में बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली बन्नू ने कहा कि श्रीनगर से गुमखाल तक हाईवे के चौड़ा हो जाने पर यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी। वक्ताओं ने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र का यह एक प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है। केबिनेट मंत्री डा. रावत ने सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत कराने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।