

देहरादून: लोक निर्माण व सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मानसून सीजन के मद्देनजर समय-समय पर सड़कों व पुलों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण हो रहे भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए सजग रहने की जरूरत है। मानसून की बदलती प्रवृत्ति के अनुरूप तैयारियां भी उसी तरह से की जाएं।
बुधवार को लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज ने विभाग मुख्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो। कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर कमी के लिए जिम्मेदारी तय की जाए।

उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकांश डाक बंगले काफी दयनीय स्थिति में हैं, जिन्हें शीघ्र ठीक किए जाने की जरूरत है। जहां विभागीय व्यवस्था संभव न हों, वहां डाक बंगलों को लीज पर देकर देखरेख की जिम्मेदारी दी जाए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभियंताओं और अधिकारियों को नई तकनीकों की जानकारी देने के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाएं। इसमें सिंचाई, लघु सिंचाई व ग्रामीण विभाग के अधिकारियों व अभियंताओं को भी आमंत्रित किया जाए।
लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष अयाज अहमद ने बताया कि विभाग में खंड स्तर पर बायोमीट्रिक उपस्थिति शुरू कर दी गई है। विभाग में कुल 267 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। सड़क किनारे नालियों का निर्माण किया जा रहा है। साइन बोर्ड लगाए जा चुके हैं। बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग आरके सुधांशु, अपर सचिव सुमन सिंह वल्दिया, अतर सिंह समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।