Public-Voice

चमोली के जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति ठप

गोपेश्वर : जिला मुख्यालय गोपेश्वर में गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा संचालित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की सप्लाई ठप हो गई है। पिछले तीन दिन से ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार को पेट्रोल डीजल मिलने की सूचना पर यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।

सरकारी विभागों की लंबे समय से उधारी के चलते गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से पेट्रोल-डीजल का भुगतान नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सोमवार से बंद हो गई थी। तीन दिनों बाद भी पेट्रोल डीजल की आपूर्ति न होने से आम लोग परेशान हैं। गोपेश्वर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल न मिलने के कारण यहां के लोग क्षेत्रपाल, नंदप्रयाग सहित अन्य स्थानों पर पेट्रोल-डीजल के लिए भागदौड़ कर रहे हैं।

वहीं गुरुवार सुबह गोपेश्वर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल मिलने की जानकारी आग की तरह फैली। देखते ही देखते पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि संचालकों द्वारा फिलहाल पेट्रोल न आने की बात कहकर वाहनों को यहां से रवाना किया गया। मगर तब तक लंबी कतार लगने के चलते यहां पर जाम की स्थिति बनी रही। पेट्रोल व डीजल न मिलने से लोगों ने रोष जताया है। गोपेश्वर के व्यवसायी राजाराम का कहना है कि पेट्रोल न मिलने से वह कहीं नहीं जा पा रहे हैं। लिहाजा उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गोपेश्वर में एकमात्र पेट्रोल पंप है। उन्होंने यहां पर अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल पंप खोलने की मांग की है।

Leave a Response

etvuttarakhand
Get the latest news and 24/7 coverage of Uttarakhand news with ETV Uttarakhand - Web News Portal in English News. Stay informed about breaking news, local news, and in-depth coverage of the issues that matter to you.