
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। सूर्य की किरणें रोज की तरह आज भी आग बरसा रही हैं। धूप में निकलते ही त्वचा झुलस रही है। चिलचिलाती धूप में लोगों ने दोपहर में घरों से निकलना बंद कर दिया है। सुबह से शुरु हुई गर्म हवाएं देर रात तक गर्मी का एहसास करवाती हैं।
मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए प्रयागराज, कानपुर देहात, आगरा, बांदा, झांसी, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं कानपुर में शुक्रवार तो लखनऊ में 17 से लेकर 20 जून के बीच बारिश की संभावना जताई है। लखनऊ, कानपुर में आज का अधिकतम तापमान 43 डिग्री, बांदा में 44 डिग्री, हमीरपुर में 44 डिग्री, चित्रकूट में 44 डिग्री, गोरखपुर में 38 डिग्री पारा दर्ज किया गया है।
वाराणसी में तल्ख धूप के साथ ही वातावरण में गर्मी का असर लोगों को लगातार सेहत संबंधी चुनौतियां दे रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दस दिनों में मानसून भी दस्तक दे सकता है। बादलों की सक्रियता होने से बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। शनिवार की सुबह 11 बजे ही तापमान 40 डिग्री तक जा पहुंचा। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।