Latest NewsPolitics

गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अरबपतियों की जेब में डाला गया- राहुल गांधी

जागेश्वर: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज तक अपने एक भी वादे को पूरा नहीं किया। हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, 15 लाख रुपये हर खाते में डालने, काले धन और भ्रष्टाचार को भी खत्म करने का वादा हवा हवाई रहा।

काले धन के नाम पर गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अरबपतियों की जेब में डाला गया। राहुल के अनुसार अब मोदी अपने भाषण में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई की बात नहीं करते। भाजपा ने प्रदेश में तीन सीएम बदले लेकिन मोदी ने यह नहीं बताया कि मुख्यमंत्रियों को क्यों बदला गया। हकीकत यह है कि उन्हें भ्रष्टाचार के कारण बदला गया।

जागेश्वर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद सिंह कुंजवाल के समर्थन में दन्या कस्बे में आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कभी भी लोगों को यह नहीं बताया कि युवाओं को रोजगार क्यों नहीं दिया। इसका कारण यह है कि प्रधानमंत्री अपनी पूरी ताकत अरबपतियों की मदद करते हैं। उनकी नीतियों ने छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया है। नोटबंदी और जीएसटी से किसानों को फायदा नहीं हुआ बस मोदी सरकार को फायदा पहुंचा। राहुल ने कहा कि कांग्रेस छोटे कारोबारियों की मजबूती के लिए लड़ती है। हर वर्ग के विकास के लिए सोचती है।

मोदी सरकार ने नहीं होने दिया जागेश्वर का विकास: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जागेश्वर विधानसभा का विकास नहीं होने दिया। कांग्रेस ने जागेश्वर में हरी प्रसाद इंस्टिट्यूट खोलने की कोशिश की जिससे हस्तशिल्प उद्योग विकसित हो और कम से कम 10 हजार लोगों को रोजगार मिले। भाजपा ने इसे खोलने नहीं दिया। विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने क्षेत्र में दूध की संस्था खोलने का प्रयास किया। इसके लिए 35 लाख का बजट भी स्वीकृत कराया लकिन भाजपा ने उसे भी रद्द कर दिया। राहुल ने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो जागेश्वर में हरि प्रसाद इंस्ट्टियूट खोलकर कम से कम 20 हजार युवाओं को रोजगार देंगे। जनता मौका देगी तो कांग्रेस अपने चार धाम, चार काम के वादे को पूरा करेगी।

‘मुर्दाबाद मत कहिए ये कांग्रेस की सभा है’
राहुल गांधी ने जब सभा में भाजपा सरकार की कमियां बताई तो कुछ लोग भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। तब राहुल ने मंच से कहा कि मुर्दाबाद के नारे मत लगाइए ये कांग्रेस की सभा है, भाजपा की नहीं। हम लड़ते हैं लेकिन हिंसा और अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करते। आप भारत माता जिंदाबाद के नारे लगाएं।

‘देश में दो हिंदुस्तान बनाए जा रहे हैं’
मोदी सरकार पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो हिंदुस्तान बनाए जा रहे हैं। एक अमीरों का हिंदुस्तान दूसरा गरीबों का हिंदुस्तान। हमें एक हिंदुस्तान चाहिए, सबका हिंदुस्तान। हम देश मे ऐसी सरकार चाहते है जो सबकी बात सुने।

ड्रोन से पहुंचाएंगे जरूरतमंद तक दवा: राहुल
पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो आपके दरवाजे तक स्वास्थ्य व्यवस्था पहुंचाएंगे। जहां एंबुलेंस गाड़ी नहीं पहुंच सकती वहां बाइक एम्बुलेंस पहुंचाएंगे। जहां बाइक एंबुलेंस भी नहीं पहुंच सकती वहां ड्रोन की मदद से जरूरतमंदों तक दवा पहुंचाएंगे।
मेरा अंतिम चुनाव है, फिर नहीं मांगूंगा वोट: कुंजवाल
अल्मोड़ा। जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कुंजवाल ने कहा आज तक लोगों ने उनका साथ दिया है। कांग्रेस को लगातार चार चुनाव यहां से जिताए हैं, यह उनका आखिरी चुनाव है। इस बार फिर जिताएं। इसके बाद वह अपने लिए वोट मांगने नहीं आएंगे। यदि जिंदा रहे तो जिसे पार्टी प्रत्याशी बनाएगी उसके लिए वोट मांगने आएंगे। स्थानीय नेताओं ने राहुल गांधी को तांबे का कलश और ऐपण से बनी चौकी भेंट की। राहुल ने कहा कि यह कलश आप लोगों ने बनाया है इसका आपको लाभ मिलना चाहिए। हस्तशिल्प को यहां विकसित कर इसका लाभ लिया जा सकता है। दन्या को उन्होंने खूबसूरत जगह बताते हुए यह भी कहा कि वह अगली बार कम से कम दो दिन के लिए यहां आएंगे।

Leave a Response

etvuttarakhand
Get the latest news and 24/7 coverage of Uttarakhand news with ETV Uttarakhand - Web News Portal in English News. Stay informed about breaking news, local news, and in-depth coverage of the issues that matter to you.