
बागेश्वर : शहर में आवारा कुत्तों ने दहशत फैला दी है। पालतू कुत्ते भी लोगों के लिए सिरदर्द बने हैं। एक युवक को मजियाखेत में पालतू कुत्ते ने काट दिया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। लोगों ने कुत्तों को बांधने और आवारा कुत्तों को शहर से हटाने की मांग तेज कर दी है।
काशीपुर निवासी मिशन नामक युवक मजियाखेत की तरफ पैदल जा रहा था। एकाएक पालतू कुत्ता उस पर झपट पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे बामुश्किल कुत्ते से हटाया। कुत्ते ने उसके पैर पर काट दिया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने बताया कि यह कुत्ता अन्य कई लोगों पर हमला कर चुका है। इसके अलावा शहर में आवारा कुत्तों ने लोगों को जीना हराम कर दिया है। वे शहर में गंदगी फैला रहे हैं। भगाने पर काटने को दौड़ते हैं।
पवन सिंह, पूरन चंद्र, गोविद सिंह, मनीष पांडे आदि ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों को शहर से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गर्मी ने आहट दे दी है। कुत्तों के पागल होने का भी भय बना हुआ है। इधर, एडीएम सीएस इमलाल ने कहा कि पालिका को कुत्तों के लाइसेंस बनाने होंगे। आवारा कुत्तों का चिह्नीकरण कर उन्हें शहर से दूर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।