

कोलकाता। नगरपालिकाओं के चुनाव में हुई हिंसा के विरोध में भाजपा की ओर से आज बुलाए गए 12 घंटे के बंगाल बंद के दौरान छिटपुट घटनाएं देखी जा रही हैं। मतदान के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जमकर हिंसा की खबरें हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने निकाय चुनावों में कथित धांधली और हिंसा के खिलाफ आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। कई जगहों पर भाजपा व तृणमूल कांग्रेस समर्थक आपस में भिड़ गए। कुछ जगहों पर ट्रेनें रोकी गईं। बंद के समर्थन में भाजपा की तरफ से जुलूस निकाला जा रहा है। कुछ जगहों पर जबरन दुकान-बाजार बंद कराने की कोशिश की गई। पुलिस ने इन मामलों में कई भाजपा समर्थकों को हिरासत में लिया है। हुगली में भाजपा समर्थकों ने ट्रेनें रोकी।

वहीं, भाजपा के सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे, उनकी पिटाई की जा रही है। पुलिस टीएमसी के लिए कैडर की भूमिका निभा रही है, यह लोकतंत्र के खिलाफ है। आसनसोल में भी भाजपा समर्थकों ने जुलूस निकाला। कोलकाता में बंद का अब तक खास असर देखने को नहीं मिला है। हाजरा मोड़ पर भाजपा समर्थकों ने प्रदर्शन किया हालांकि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।