
पंजाब चुनाव से पहले ईडी ने अवैध खनन के मामले में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर को गिरफ्तार किया है। ईडी ने गुरुवार देर शाम को भूपिंदर को गिरफ्तार किया।
सूत्रों के अनुसार गुरुवार को अवैध रेत खनन मामले में ईडी ने हनी को पूछताछ के लिए बुलाया था। ईडी ने उससे करीब 7 से 8 घंटे तक पूछताछ की। जिसके बाद देर शाम ईडी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रात में ही भूपिंदर हनी को मेडिकल जांच के बाद अस्पताल भेजा गया। ईडी आज भूपिंदर हनी को कोर्ट में पेश कर सकती है।
सीएम चन्नी के भतीजे की गिरफ्तारी पर अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि ये कहानी तीन लोगों की है, मनी, हनी और चन्नी। पहले मनी पकड़ा गया उसके बाद हनी पकड़ा गया, अब चन्नी की बारी है। क्योंकि हनी की पहचान सिर्फ इतनी है कि वो चन्नी की साली का लड़का है और जो पैसे मिले वो सब चन्नी के हैं। हनी सिर्फ खजांची है। ये सारे पैसे पंजाब के लोगों के खजाने की लूट है।
पिछले दिनों ईडी ने मुख्यमंत्री चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी और संदीप सिंह के घरों पर दो दिन तक रेड की थी। ईडी ने हनी और संदीप के करीबी एक सरपंच के घर भी रेड की थी। इस रेड में केंद्रीय सुरक्षा बलों की सहायता ली गई थी। ईडी के अधिकारियों ने इस रेड में 12 लाख रुपये की रोलेक्स घड़ी, 10 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, सोना और संपत्ति के कई दस्तावेज जब्त किए थे।
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए जब रेत खनन का मुद्दा उठा था तो साल 2018 में इसको लेकर रोपड़ थाणे में मामला दर्ज किया गया था। यह मामला ठेकेदार कुदरत दीप सिंह के खिलाफ दर्ज करवाया था। जब इस मामले की जांच की गई तो छानबीन में 24 लोगों के नाम सामने आए जिनके ऊपर अवैध तरीके से रेत खनन करके करोड़ों रुपए कमाने का आरोप लगा था। इसी मामले को लेकर ईडी ने मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों के यहां छापा किया। ईडी के छापे के बाद सीएम चन्नी ने कहा था कि मुझे पता चला है कि ईडी ने कहा है कि पीएम मोदी का फिरोजपुर दौरा मत भूलना, यह छापेमारी बदले को दर्शाता है।