कोरोना वैक्सीन में कांग्रेस पार्टी है जनता के सपनों की हत्यारी – मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

कोटद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस को आमजन के सपनों का हत्यारा बताया। उन्होंने कांग्रेस पर आमजन को कोरोना वैक्सीन के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। नतीजा, कांग्रेस के भ्रम में फंसकर वैक्सीन न लगाने वाले कई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हुए और काल का ग्रास बन गए। इस दौरान सीएम ने आमजन से मतदान की अपील भी की।
सोमवार को कोटद्वार में बालासौड़ स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जहां एक ओर विकास कार्य भाजपा की पहचान हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस काले कारनामों व तुष्टिकरण की राजनीति के लिए प्रसिद्ध है। भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। केदारनाथ हो अथवा काशी-विश्वनाथ, दोनों स्थलों ने भव्य आकार लिया है। कहा कि कांग्रेस देवभूमि में मुस्लिम विश्वविद्यालय खुलवाने की तैयारी में है।
कांग्रेस नगर निगम को समाप्त करने की बात कहकर आमजन को भ्रमित कर रही है। जबकि, कांग्रेस जानती है कि नगर निगम का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और नगर निगम कभी समाप्त नहीं हो सकता। भाजपा ने 10 वर्ष तक नगर निगम में किसी भी तरह के टैक्स पर रोक लगाई है। लेकिन, कांग्रेस जनता पर टैक्स थोपकर ठीकरा सरकार के सिर फोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 फरवरी को पड़ने वाला एक-एक वोट ऋतु खंडूड़ी को नहीं, बल्कि नरेन्द्र मोदी को दिया जाना है।