Politics

हर घर तिरंगा अभियान के प्रभात फेरी में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के गांधी पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व प्रभात फेरी में शिरकत की। इस दौरान सीएम ने सभी लोगों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम व प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, डीजीपी अशोक कुमार, मंत्री धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि इस प्रभाव फेरी से पूरे प्रदेश में देशभक्ति का संदेश जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव हमारे लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बार आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। ये समय हमारे वीरों को याद करने का है। भारत आज दुनिया में एक सशक्त भारत बनकर उभरा है। आने वाले 25 साल भारत का एक नव निर्माण करेंगे। सीएम ने कहा कि प्रदेश के 20 लाख घरों में तिरंगा लगाया जाना है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है।

हर घर तिरंगा अभियान में हर किसी को शामिल होना चाहिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में हर किसी को शामिल होना चाहिए यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं अपितु हर देशभक्त नागरिक का उत्सव है। यह अभियान एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला अभियान है। हमें तिरंगा अभियान में यह संकल्प लेना है कि अब हम जहां भी हैं जो कुछ भी कर रहे हैं उसको करते हुए भारत भक्ति का भाव सबसे ऊपर रखेंगे।

सचिवालय में लगाया तिरंगे का स्टॉल
सचिवालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के तहत प्रेरणा आजीविका स्वयं सहायता समूह की ओर से स्टाल लगाया गया। इसका शुभारंभ अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने किया। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव रतूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा।

Leave a Response

etvuttarakhand
Get the latest news and 24/7 coverage of Uttarakhand news with ETV Uttarakhand - Web News Portal in English News. Stay informed about breaking news, local news, and in-depth coverage of the issues that matter to you.