
चम्पावत: कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने कहा कि भाजपा ने धनबल और फर्जी मतदान कराकर चुनाव जीता है। मुख्यमंत्री खुद चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए उनसे यह उम्मीद नहीं थी। परिणाम उन्हें पता थे लेकिन सम्माजनक लड़ाई नहीं हुई।
कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने जागरण से बातचीत में कहा पहले तो मुख्यमंत्री को जीत के लिए बधाई। जनता ने जिस भरोसे से उन्हें वोट दिए उन पर वह अब खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव को ऐतिहासिक बता रही है। वाकई इतिहास में ऐसा चुनाव नहीं हुआ। भाजपा ने ईवीएम के बावजूद फर्जी मतदान कराएं। जो प्रवासी मतदान के लिए नहीं आए थे। उनके नाम पर वोट डलवाए गए।
हाईस्कूल व इंटर के बच्चों ने वोट डाला। इसका प्रमाण है हमारे पास। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर हमारे अभिकर्ताओं को भगा दिया गया। उनको डराया गया। फोन करके जब इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी को दी तो उन्होंने भी कार्रवाई नहीं की। फोन की रिकार्डिंग भी हमारे पास है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने माना की जिला स्तर पर उनके पास कोई संगठन नहीं था। चुनाव के पहले ही युवा कांग्रेस, सेवा दल सहित कई पार्टी पदाधिकारियों को भाजपा ने खरीद लिया था। प्रदेश स्तर से पदाधिकारी जरुर आए। विधायकों ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। लेकिन चिंतन शिविर के कारण वह 26 27 को लौट गए थे।
उन्होंने कहा कि आप खुद सोचिए राष्ट्रीय पार्टी को कभी शून्य मत मिलेगा। एक बूथ है बुगादुर्गापीपल जहां तीन माह पूर्व भाजपा से अच्छा वोट कांग्रेस को मिला था। वहां भी इस बार शून्य मत मिला है। जो अपने आप में चौंकाने वाला है। इन सब गड़बड़ियों को चुनाव आयोग के सामने उठाया जाएगा।