भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बागेश्वर पहुंचकर बागनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

बागेश्वर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। कहा कि बागनाथ के दर्शन और सरयू-गोमती के संगम पर आने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस दौरान उन्होंने कुली बेगार आंदोलन की जन्मभूमि को भी नमन किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमवार को लगभग 11.35 बजे बागनाथ मंदिर पहुंचे। सोमवार होने के कारण मंदिर परिसर में तब महिलाएं पूजा-अर्चना कर रही थी। उन्होंने महिलाओं के बाद शिव लिंग की पूजा की। दूध, घी, शहद, गंगाजल आदि से शिव लिंग को स्नान कराया। बेलपत्र और फल आदि अर्पित किए। उसके बाद भगवान शंकर की स्तुति के साथ आरती की। पंडितों ने मंत्रोचारण किया और उन्हें सुख, समृद्धि, वैभव का आर्शीवाद दिया।
बागनाथ मंदिर समिति के नंदन सिंह रावल ने मंदिर की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि बागनाथ की नगरी काफी सुंदर है। मंदिर नया बन रहा है और एक नया पुल भी मंदिर को जोड़ने के लिए तैयार हो गया है। भाजपा आगे भी विकास को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, नवीन रावल आदि मौजूद थे।