टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे NH-34 पर सरोट गांव मंदिर गेट के पास हरियाणा नंबर का टेम्पो ट्रैवलर और उत्तर प्रदेश नंबर की कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में 7 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद दोनों वाहनों के अगले टायर फट गए. घायलों में सभी कार सवार लोग शामिल हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची छाम थाना पुलिस के द्वारा 108 की सहायता से दुर्घटना में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम पहुंचाया गया. थानाध्यक्ष छाम सुखपाल सिंह मान ने बताया कि दुर्घटना का कारण प्रथम दृष्टया किया कार चालक को नींद आना प्रतीत हो रहा है. वहीं ये भी बताया जा रहा है कि अगर कार सामने से आ रहे टेम्पो ट्रैवलर से नहीं टकराती तो खाई में गिरकर बड़ा हादसा हो सकता है.
फिलहाल मठियाली चौकी प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक एसएस उनियाल द्वारा टेम्पो ट्रैवलर नंबर HR55 AN 9647 सवार चारधाम यात्रियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट कर बदरीनाथ-केदारनाथ के लिए रवाना कर दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेम्पो सवार चारधाम यात्री गाजियाबाद के बताए जा रहे हैं जो कि गंगोत्री- यमुनोत्री से यात्रा कर केदारनाथ -बदरीनाथ धाम जा रहे थे.
वहीं कार नंबर UP12 BN 3833 सवार यात्री मुजफ्फरनगर -नोएडा उत्तर प्रदेश के आपसी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो कि गंगोत्री- यमुनोत्री जा रहे थे.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम की सीएमएस डॉ. अभिलाषा ने बताया कि कार सवार तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर किया जा रहा है. अन्य 4 घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
