उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पेपर लीक मामले में प्रदेश की धामी सरकार ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच पहुंचे. इस दौरान सीएम धामी ने पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराने की संस्तुति की है. इससे पहले सीएम धामी ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था.
सीएम पुष्कर सिंह धामी आज प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे. यहां उन्होंने छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि हम छात्रों के मन में कोई शंका नहीं रखना चाहते. इस दौरान सीएम धामी ने सीबीआई जांच की संस्तुति की. बता दें कि यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की जांच के लिए सीएम धामी से कई विधायकों ने मुलाकात की थी. इतना ही नहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी सीएम से इस मामले की CBI से जांच का आग्रह किया था.
जिसके बाद सीएम धामी ने सोमवार 29 सितंबर को बेरोजगार संघ के धरना स्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने संघ के नेताओं व छात्रों से बातचीत की. साथ ही, सीबीआई जांच की संस्तुति करने के लिए फाइल पर हस्ताक्षर भी किए. इससे पहले पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम हरिद्वार पहुंची. यहां बहादुरपुर जट सेंटर का दौरा कर उस कमरे की बारीकी से पड़ताल की, जहां मुख्य आरोपी खालिद ने परीक्षा दी थी. यह वही कमरा नंबर 9 है, जो सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के बाद चर्चा का केंद्र बन गया है.
