उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले ही चार धामों को नॉनवेज और मदिरा बेचने से दूषित करने वालों पर बैन करने की चर्चाएं शुरू हो गई. इसे गैर हिंदुओं से जोड़कर देखा जाने लगा. अब स्थानीय विधायक ने अपने बयान को और अधिक स्पष्ट करते हुए कहा कि गैर हिंदुओं के दर्शन पर प्रतिबंध नहीं है.
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम जहां एक और सनातन धर्म की आस्था का केंद्र बिंदु है, तो वहीं दूसरी तरफ इसकी यात्रा व्यवसाईयों के लिए भी एक बड़ा केंद्र है. हर साल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद हजारों व्यवसायी केदार घाटी में व्यवसाय करते हैं. उत्तराखंड की इस धार्मिक यात्रा से उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति भी जुड़ी हुई है.
लेकिन पिछले कुछ सालों में देखा गया है कि केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को हिंदू धर्म की आस्था के विरुद्ध मदिरा और मांस इत्यादि भी उपलब्ध कराया जाता है, जो कहीं ना कहीं धाम की अस्मिता के लिए चिंताजनक है. इससे केदारनाथ आने वाले अन्य श्रद्धालुओं पर भी बुरा असर पड़ता है. कई बार केदारनाथ धाम या फिर केदारनाथ घाटी में मांस और शराब के मामले सामने आए हैं. कई बार सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुए हैं. लेकिन इस बार स्थानीय प्रशासन, सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने यात्रा शुरू होने से पहले ही इस विषय को बेहद गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है.
30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा से पहले केदारनाथ धाम को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है. केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को खुल रहे हैं. यात्रा शुरू होने से पहले केदारनाथ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक आशा नौटियाल ने केदारनाथ धाम में अनैतिक गतिविधियों के लिए विशेष समुदाय के लोगों को जिम्मेदार बताते हुए उनके प्रवेश को प्रतिबंधित करने की मांग की थी. वहीं केदारनाथ विधायक के इस बयान पर विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.
11 मार्च को रुद्रप्रयाग में हुई इस बैठक में मौजूद केदारनाथ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक आशा नौटियाल ने इस मामले में सरकार के सामने नई मांग रख दी. उन्होंने बैठक में मिली शिकायतों पर कहा कि कुछ लोग जो गैर हिंदू हैं, वह धाम और उसके रास्ते में शराब और मांस की बिक्री करते हैं. धाम की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाते हैं. इसीलिए उनकी मांग है कि केदारनाथ धाम में गैर हिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित हो. हालांकि अब आशा नौटियाल ने अपने बयान में बदलाव कर दिया है.
