केदारनाथ धाम के भुकुंट भैरवनाथ मंदिर में घुसा शख्स, पैसे ढूंढते दिखा, मुकदमा दर्ज – ETV Uttarakhand
Home उत्तराखंड केदारनाथ धाम के भुकुंट भैरवनाथ मंदिर में घुसा शख्स, पैसे ढूंढते दिखा, मुकदमा दर्ज

केदारनाथ धाम के भुकुंट भैरवनाथ मंदिर में घुसा शख्स, पैसे ढूंढते दिखा, मुकदमा दर्ज

0
केदारनाथ धाम के भुकुंट भैरवनाथ मंदिर में घुसा शख्स, पैसे ढूंढते दिखा, मुकदमा दर्ज

केदारनाथ धाम के कपाट बंद हैं. पौराणिक परंपरा के अनुसार 6 महीने धाम में देवगण भगवान भोले शंकर की पूजा करते हैं. फिर अगले 6 महीने नर बाबा केदार के दर्शन करने आते हैं. अभी बाबा के धाम के कपाट बंद हैं. धाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति भैरवनाथ मंदिर में जाकर बर्फ को हटाकर पैसे ढूढने का प्रयास कर रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि ये व्यक्ति जूते पहनकर प्रतिमा को भी स्पर्श कर रहा है.

तीर्थ पुरोहित अंकुर शुक्ला ने बताया कि यह वीडियो भुकुंट भैरवनाथ मंदिर का है. भुकुंट भैरवनाथ केदारनाथ धाम के रक्षक हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति भुकुंट भैरवनाथ मंदिर में जाकर मूर्तियों के साथ छेड़खानी कर रहा है. मंदिर प्रांगण में जूते पहनकर गया है. हमारी सनातनी परंपरा है कि 6 महीने जब कपाट बंद होते हैं, तो केदारनाथ धाम में कोई भी व्यक्ति नहीं रहेगा. लेकिन आपदा के बाद नवनिर्माण का काम चल रहा है.

ऐसे में हमारा सवाल ये है कि भुकुंट भैरवनाथ के मंदिर में गया व्यक्ति कौन है? वो मंदिर की पवित्रता को नष्ट करता दिख रहा है. वह शख्स इन पौराणिक मूर्तियों को खंडित भी कर सकता था. इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने केदारनाथ धाम मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने मंदिर समिति और पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की अपील की है.

केदारनाथ धाम के भुकुंट भैरवनाथ मंदिर के वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है. रुद्रप्रयाग पुलिस ने संबंधित व्यक्ति, ठेकेदार और कंपनी पर मुकदमा दर्ज किया है. धार्मिक भावनाओं को आहत करने सम्बन्धी सुसंगत धारा में कोतवाली सोनप्रयाग में अभियोग पंजीकृत किया गया है.

उक्त घटनाक्रम पर पुलिस स्तर से तत्काल प्रारम्भिक जांच की गयी. प्रथम दृष्टया उक्त वीडियो थोड़ा पुराना पाया गया. वीडियो में दिख रहा व्यक्ति केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में लगी गावर कम्पनी का मजदूर होना जानकारी में आया है. पुलिस स्तर से इस मामले में कोतवाली सोनप्रयाग पर मु.अ.सं. 73/2024 धारा 298 व 331 भारतीय न्याय संहिता (अभियुक्तगणों द्वारा केदारनाथ धाम मन्दिर के निकट स्थित भैरवनाथ मन्दिर में जूते पहनकर प्रवेश कर हाथ में पकड़े डण्डे से मूर्तियों से छेड़छाड़ कर धार्मिक भावनायें आहत करने, गृहभेदन) के सम्बन्ध में सज्जन कुमार व संबंधित ठेकेदार एव संबंधित कंपनी के कर्मचारी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ की गयी है. जनपद पुलिस स्तर से जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जाएगी, जिसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here