प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. भले ही अभी प्रधानमंत्री के दौरे की तारीख तय न हुई हो, लेकिन जगह और कार्यक्रम करीब करीब तय कर लिए गए हैं. ऐसे में पहली बार कैंट क्षेत्र स्थित महिंद्रा ग्राउंड पीएम की जनसभा का गवाह बनने को तैयार हो रहा है.
देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. भले ही अभी दौरे की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन और संगठन स्तर पर लगभग सभी अहम बिंदुओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. इस बार खास बात ये है कि पहली बार कैंट क्षेत्र स्थित महिंद्रा ग्राउंड प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा का गवाह बनने जा रहा है, जिससे पूरे राज्य में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है.
उत्तराखंड में इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे हो चुके हैं. अब प्रधानमंत्री मोदी का दौरा राज्य की राजनीति और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. ये कार्यक्रम अप्रैल महीने के पहले हफ्ते में प्रस्तावित है, जिसके मद्देनजर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं.
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद इस दौरे को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने न केवल पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे पर चर्चा की, बल्कि राज्य में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और राजनीतिक परिस्थितियों की भी जानकारी दी.
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार पीएम मोदी के जीटीसी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, ये भी चर्चा है कि वे आशारोड़ी से कैंट क्षेत्र तक सड़क मार्ग से यात्रा कर सकते हैं, जिससे आम लोगों को उन्हें करीब से देखने का मौका मिल सके. इसके बाद महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे.
