विवाह और अन्य समारोहों में प्रतिबंध के बावजूद लोग हथियार लेकर पहुंच रहे हैं. देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू ग्राम में सोमवार रात एक लाइसेंसी पिस्टल से हादसा हो गया. नेहरू ग्राम में मेंहदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. पिस्टल से निकली गोली समारोह में मौजूद एक युवती के पैर के पंजे के अगले हिस्से में जा लगी.
फायरिंग की आवाज और युवती को गोली लगते ही समारोह में हड़कप मच गया. पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको हिरासत में लिया गया. साथ ही पुलिस द्वारा पिस्टल को जब्त करते हुए लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के अनुसार गढ़वाली कॉलोनी नेहरू ग्राम निवासी कमल यादव ने मंगलवार को थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार रात उनके आवास पर मेहंदी का समारोह चल रहा था. इसमें कुछ मेहमानों को बुलाया गया था. इनमें धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल था. वह अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर मेहंदी समारोह में पहुंचा था.
कॉकटेल पार्टी में डांस करते समय लक्ष्मण सिंह नेगी की पिस्टल से फायर हो गया. गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव निवासी नेहरू ग्राम के पैर के अंगूठे के पास जा लगी. इसके बाद परिजन नीलिमा को अस्पताल में ले गए. घटना के बाद पुलिस को सूचना मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि जिस युवती की शादी का समारोह था, आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी उसके साथ डीएल रोड स्थित निजी अस्पताल में नौकरी करता है. इसी जान पहचान के कारण वह समारोह में शामिल होने आया था.
