धर्मनगरी हरिद्वार में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. बैरागी कैंप के पास बजरी वाला में स्थित टेंट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी सी मच गई थी. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया.
गोदाम में रखे टेंट, कपड़े, फर्नीचर, गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग लगातार फैलती रही, जिससे धुएं का गुबार दूर दूर तक दिखाई देने लगा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया. आग बुझाने के लिए सिडकुल फायर स्टेशन से भी एक अतिरिक्त गाड़ी बुलानी पड़ी. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. बताया जा रहा है कि चार गाड़ियों की मदद से साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया. प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है
इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था: पार्षद सचिन अग्रवाल के मुताबिक बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे अचानक गोदाम से आग की लपटे देखकर लोगों में अफरा तफरी मच गई. देखते ही देखते गोदाम में आग लपटें निकलने लगी. फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. आग की लपटें कम होने का नाम ही नहीं ले रही थी. आसमान में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिसे देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
आग की लपटें इतनी विकराल थी कि उसके पास भी खड़ा होना मुश्किल था, लेकिन फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर ही डटे रहे. टैंट मालिक वीरेंद्र भाटिया समेत अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. अपने सामने सामान जलता देख कर्मचारी बिलख बिलख कर रोने लगे. इस बीच आसपास खड़े लोग कर्मचारियों को सांत्वना देते नजर आए.
