
देश की राजधानी दिल्ली के आइटीओ क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की जान चली गई। कंटेनर के आटो रिक्शा पर पलटने के चलते चालक और 3 सवारियों के मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद कंटेनर चालक फरार हो गया।
जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास अनियंत्रित कंटेनर आटो रिक्शा पर पलट गया। इसके चलते आटो में बैठे तीन सवारियों व चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक फरार है। घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की है। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त कर रही है। बताया जा रहा है कि हादसा इतनी तेज गति से हुआ कि आटो में सवार लोगों को कुछ समझ में आता, इससे पहले ही वे कंटेनर के नीचे दब गए।