
बिहार में होली के एक दिन पहले से एक दिन बात तक 20 लोगों की संदिग्ध मौतें हुईं हैं। जबकि, कइयों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बांका, भागलपुर एवं मधेपुरा में हुईं इन घटनाओं को जहरीली शराब से जोड़ा जा रहा है। कई मृतकों के स्वजनों ने भी जहरीली शराब पीने से मौत की बात कही है। हालांकि, पुलिस व प्रशासन ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में शुक्रवार से अभी तक 11 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। एक साथ इतनी मौतों को जहरीली शराब से जोड़ा जा रहा है। मृतकों में अमरपुर निवासी रघुनंदन पोद्दार, कामदेवपुर निवासी राजा तिवारी, ओडैय निवासी संजय मांझी, डुमरामा के सुमित कुमार, डुमरिया के आशीष कुमार सिंह, गोड़ा के विजय साह, बल्लीकिता के डब्लू साह, गुरुदेव साह एवं अमरपुर की बिंदु कुमार देवी शामिल हैं। इसके बाद सचिन ठाकुर (विशभरचक) एवं डब्लू कुमार (कजरा) की मौत की खबर भी आई है। मृतक संजय मांझी के स्वजनों ने बताया कि बाहर से खाना खाकर लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। मृतक रघुनंदन के स्वजनों के अनुसार पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस व प्रशासन का पुष्टि से इनकार: खास बात यह है कि अधिकारी जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। एसपी अरविंद कुमार गुप्ता एवं उत्पाद अधीक्षक अरूण मिश्रा के अनुसार उन्हें शराब पीने से मौत की सूचना तक नहीं है।
भगालपुर में पांच की मौत, एक की आंखों की रोशनी गई
भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित नाथनगर इलाके के साहेबगंज मोहल्ले में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई है। जबकि, कई अन्य बीमार हैं। स्वजनों के अनुसार सभी ने होली के दिन शराब का सेवन किया था। एक मृतक विनोद राय की पत्नी ने बताया कि होली के दौरान उसके पति ने शराब पी थी। घटना में संदीप यादव, विनोद राय (50 वर्ष), मिथुन कुमार, नीलेश कुमार (34 वर्ष) की भी मौत हो गई है। इसके अलावा एक युवक अभिषेक कुमार उर्फ छोटू साह (24 वर्ष) का इलाज स्थानीय जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में चल रहा है। उसके दोनों आंखों की रोशनी चली गई है।