
हैदराबाद, एएनआइ। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दर्दनाक हादसा हुआ है। बुधवार सुबह भोईगुड़ा इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग में झुलसने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
कबाड़ की दुकान में आग की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। आज जैसे ही लगी फायर ब्रिगेड को फौरन इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
बिहार के रहने वाले थे सभी मजदूर
हादसे में मारे गए सभी मजदूर बिहार के सारण जिले के रहने वाले थे। हादसे के वक्त सभी मजदूर गोदाम के अंदर सो रहे थे।
सोने की अवस्था में मिले शव
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने हादसे की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े तीन बजे कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। कमिश्नर ने कहा कि गोदाम में 12 प्रवासी मजदूर रह रहे थे। ज्यादातर शव सोती हुई अवस्था में मिले हैं। उन्होंने आगे बताया कि सिर्फ एक व्यक्ति को आग लगने का पता चल सका और वो बाहर निकल पाया। सभी मृतकों की उम्र 22 से 35 साल के बीच है।